बेंगलुरु के पद्मनाभनगर स्थित राघवेंद्र लेआउट के SRRK तुलसी अपार्टमेंट में एक 18 वर्षीय युवक की उसके पिता ने कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवक पर हथौड़े से वार किया और चाकू से हमला किया। घटना 16 नवंबर की रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की और उसे फ्लैट के एक कमरे में चार दिन तक बंद रखा। दंपती अक्टूबर 2024 से यहां किराए पर रह रहा था।
मकान मालिक के मुताबिक, पिछले छह महीनों से परिवार में अक्सर झगड़े होते थे और पड़ोसियों ने कई बार इसकी शिकायत की थी। 19 नवंबर को मकान मालिक फ्लैट पर पहुंचा, लेकिन काफी देर घंटी बजाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला।
इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और रात 11 बजे ताला खोलने वाले को बुलाकर दरवाजा खोला गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
