सीतापुर के बिसवां क्षेत्र के रेवान गांव में 21 नवंबर 1911 को जन्मे श्रीकांत शर्मा 'कान्ह' प्रख्यात कवि और स्वतंत्रता सेनानी थे। हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, फारसी और अवधी के विद्वान कान्ह ने अपनी क्रांतिकारी कविताओं और तरानों से क्षेत्र में आजादी की चेतना जगाई। उनकी लेखनी अंग्रेजी हुकूमत को खटकती थी और आजादी के दीवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती थी।

कविता उनके लिए केवल साहित्य सृजन का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्रप्रेम जगाने का अस्त्र थी। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने राष्ट्रवादी कवि बंशीधर शुक्ल, सूर्य प्रसाद पांडेय और पूर्व सांसद जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल 'जगन बाबू' के साथ स्वाधीनता संग्राम में सक्रिय भागीदारी की। भूमिगत रहकर भी वे आंदोलन को धार देते रहे।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी कान्ह को सवैया और घनाक्षरी छंदों पर विशेष अधिकार था। अवधी कविता की उनकी पुस्तक 'द्याखौ तौ' काफी चर्चित हुई। उनके छंदों में लोकजीवन की सहजता, व्यंग्य की धार और भाषा का अनूठा चुटीलापन दिखाई देता है। घुड़सवारी, पहलवानी और तैराकी के शौकीन कान्ह संगीत में भी पारंगत थे और हारमोनियम के विशेषज्ञ होने के साथ संगीत शिक्षक भी रहे।

98 वर्ष की आयु में 15 अगस्त 2009 को उनका निधन हुआ। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने नगरपालिका बिसवां में लंबे समय तक लिपिक के पद पर कार्य किया। उनके पुत्र पद्मकांत शर्मा 'प्रभात' ने भी साहित्य जगत में अपनी पहचान बनाई।