बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की संभावित तिथि 17 जनवरी घोषित की है। आयोग के अनुसार, 1189 पदों के लिए इस परीक्षा के लिए करीब 5 लाख 15 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 433 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा।
72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के तहत विभिन्न प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिनमें राजस्व पदाधिकारी के 365 पद भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण अभ्यर्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की संभावना है। आयोग ने कहा है कि परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 72वीं बीपीएससी प्रारंभिक परीक्षा पहले 26 जुलाई को प्रस्तावित थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 अक्टूबर निर्धारित किया गया था। अब आयोग ने एक बार फिर परीक्षा की संभावित तिथि में बदलाव करते हुए 17 जनवरी घोषित की है। इससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है।
बीपीएससी की 72वीं परीक्षा के साथ अभ्यर्थियों की नजर सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) भर्ती पर भी बनी हुई है। इस भर्ती से जुड़ी परीक्षा और आगे की प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक सूचनाओं का इंतजार कर रहे हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की तिथि, परीक्षा केंद्र, प्रवेश पत्र और जरूरी दिशा-निर्देशों से संबंधित विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। आयोग के मुताबिक, परीक्षा से संबंधित सूचनाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिस को ही मान्य माना जाएगा।
