उज्जैन के नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी इलाके में मंगलवार दोपहर भैंसों की लड़ाई देखने गए 8 वर्षीय युवराज की बेकाबू भैंसे की चपेट में आने से मौत हो गई। वह अपने पिता आकाश कीर के साथ यह आयोजन देखने पहुंचा था। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, हामूखेड़ी क्षेत्र में भैंसों के अलग-अलग जोड़ों के बीच लड़ाई कराई जा रही थी। इसे देखने के लिए आसपास के बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। इसी दौरान भैंसे लड़ते हुए अनियंत्रित हो गए और लोगों की भीड़ की तरफ आ पहुंचे, जहां युवराज उनकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
युवराज अपने पिता आकाश कीर का इकलौता बेटा था। आकाश ड्राइविंग का काम करते हैं। पिता के मुताबिक, दोपहर करीब 2 बजे वह बेटे के साथ भैंसों का दंगल देखने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि आयोजक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, आयोजन से दो दिन पहले ही आयोजक को इस तरह का कार्यक्रम नहीं कराने की हिदायत दी गई थी और आयोजक ने आयोजन नहीं करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद बिना अनुमति के भैंसों की लड़ाई कराई गई। नागझिरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश भारती के मुताबिक, इस तरह के आयोजन अवैध हैं और जांच में आयोजक की भूमिका और लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
