मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से पिछले तीन दिनों में 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से ज्यादा लोग बीमार पड़े हैं और उनका अस्पतालों में इलाज चल रहा है। यह घटना चंदेल जिले के चाकपी कारोंग में स्थानीय स्तर पर बनी शराब पीने के बाद सामने आई है। पुलिस अधिकारी इसे संदिग्ध मेथनॉल पॉइज़निंग का मामला बता रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रभावित लोग ज़्यादातर चंदेल जिले के चाकपी कारोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क से लेकर अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं। इम्फाल के शिजा हॉस्पिटल्स एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में 180 मरीजों का इलाज चल रहा है। अस्पताल लाए गए कई लोगों में मेथनॉल पॉइज़निंग के लक्षण दिखे हैं। माना जा रहा है कि यह जहरीला पदार्थ स्थानीय शराब में मिला हुआ था।
शिजा अस्पताल के जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि मरीजों के पहुंचने से पहले ही चंदेल जिले में पॉइज़निंग की घटना की सूचना मिल गई थी। उनके मुताबिक, अब तक 180 मरीज अस्पताल आ चुके हैं, जिनमें से एक को मृत अवस्था में लाया गया था। तीन मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है। अस्पताल के तैयार बिस्तर पूरी तरह भर चुके हैं, इसलिए राज्य स्वास्थ्य विभाग, RIMS और GENIMS से मदद मांगी गई है।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शिजा अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित मरीजों तथा मेडिकल टीमों से मुलाकात की। चंदेल जिला मुख्यालय के सुमिल लांघु ने बताया कि यह घटना पिछले दो-तीन दिनों में सामने आई है और मिली जानकारी के अनुसार यह शराब पीने की वजह से हुई है। उन्होंने कहा कि शाम तक 15 लोगों की मौत की जानकारी है, शिजा में 150 मरीज जांच के लिए आए हैं और कई अन्य बबीना में भी इलाज करा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आर्थिक मदद देने का भरोसा दिलाया है।
