उज्जैन जिले के नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में देवउठनी एकादशी पर प्रतिबंध के बावजूद पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया। इस दौरान एक बेकाबू पाड़ा दर्शकों की भीड़ में घुस गया और सात साल के बच्चे युवराज दायमा को कुचलते हुए उसके सीने पर चढ़ गया। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई। पुलिस आयोजकों की जानकारी जुटा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आयोजन स्थल पर सुबह से ही पाड़ों की लड़ाई कराई जा रही थी और कुल 12 जोड़ पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया था। सातवीं जोड़ की लड़ाई में शुभम और सागर नामक व्यक्तियों के पाड़े शामिल थे। लड़ाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे, इसी दौरान लड़ रहे पाड़ों में से एक बेकाबू होकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़ा और युवराज उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
युवराज कक्षा पहली का छात्र था और उसके पिता आकाश वाहन चालक हैं। बताया गया कि पिता-पुत्र आयोजन स्थल पर कुछ दूरी पर बैठे थे। हादसा होते ही आकाश ने बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। स्वजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चेक करने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि पाड़ों की लड़ाई के दौरान पशुओं के बेकाबू होने से दर्शकों को खतरा बना रहता है, इसलिए उज्जैन जिले में प्रशासन द्वारा काफी समय पहले ही पाड़ों की लड़ाई पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद देवउठनी एकादशी पर इसका आयोजन किया गया। आयोजन किसने कराया और इसके लिए किसकी अनुमति ली गई थी, फिलहाल पुलिस के पास इसकी जानकारी नहीं है। नागझिरी थाना प्रभारी राकेश भारती का कहना है कि आयोजकों की जानकारी जुटाई जा रही है और जिनका नाम सामने आएगा, उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
