राहुल दुबे गैंग के प्रमुख सरगनाओं में शामिल तुषार मिश्रा ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, तुषार मिश्रा को एक दिन पहले ही पुलिस रिमांड पर लाया गया था। देर शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा के दौरान उसने भागने की कोशिश की। भागने का प्रयास करते ही पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। इसी दौरान उसके पैर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद पुलिस उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल ले गई।
घटना की पुष्टि देर रात पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने की। एसपी स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे और कैदी वार्ड में भर्ती तुषार मिश्रा से पूछताछ की। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया।
मालूम हो कि तुषार मिश्रा राहुल दुबे गैंग के प्रमुख सरगनाओं में से एक है। हजारीबाग और रामगढ़ क्षेत्र में इस गैंग की ओर से लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। विशेषकर कारोबारियों और कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के बीच भय का माहौल बनाने तथा लेवी वसूली के लिए गोलीबारी की घटनाओं में गैंग का नाम सामने आता रहा है। ऐसे में तुषार मिश्रा से पुलिस रिमांड पर पूछताछ गैंग की आपराधिक गतिविधियों और नेटवर्क के खुलासे के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस उससे गैंग के अन्य सदस्यों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में पूछताछ कर रही है। पुलिस कस्टडी से भागने के प्रयास की इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।
