सागर जिले के मकरोनिया क्षेत्र में शुक्रवार रात बिजली कंपनी के संभागीय कार्यालय के सेंट्रल स्टोर (एमपीईबी) परिसर में भीषण आग लग गई। रात करीब 11 बजे परिसर से आग की लपटें उठने लगीं, जो देखते ही देखते विकराल रूप ले लीं और वहां रखी विद्युत सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग की शुरुआत पुराने मीटरों से हुई, जिसके बाद लपटें आसपास रखे ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों तक पहुंच गईं। स्टोर में रखी सैकड़ों सामग्री के जलने की सूचना है, हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा अभी सामने नहीं आया है।

घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता स्टोर के पास मौजूद पटाखों की दुकान को लेकर रही। आसपास ज्वलनशील सामग्री की मौजूदगी से खतरा बढ़ गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग ने कुछ ही देर में ऊंची लपटों का रूप ले लिया था। पटाखों की दुकान की नजदीकी के कारण स्थिति और संवेदनशील हो गई थी, जिससे दमकल टीम के लिए आग पर जल्द काबू पाना चुनौतीपूर्ण था।

सूचना मिलते ही मकरोनिया नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए, लेकिन एक फायर लॉरी नाकाफी साबित हुई और लपटें लगातार विकराल होती गईं। मौके पर सागर नगर निगम सहित अन्य जगहों से भी फायर ब्रिगेड बुलाई गई और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।

फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर पुराने मीटरों से आग शुरू होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।