बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में खून की कमी से जूझ रहे एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि मरीज को खून चढ़ाने के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये की मांग की गई थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे रुपये का इंतजाम नहीं कर सके और मरीज को खून नहीं मिल पाया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मौत की वजह गंभीर बीमारी और अत्यधिक खून की कमी बताई है। साथ ही डॉक्टरों पर लगाए गए आरोपों की जांच कराने की बात कही है।
कालिंजर थाना क्षेत्र के कटरा निवासी अभय ने बताया कि उसके 40 वर्षीय चाचा हरिप्रसाद पुत्र महादेव काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें बवासीर की शिकायत थी, जिसके चलते काफी समय से रक्तस्राव हो रहा था। शरीर में खून की अत्यधिक कमी होने पर गुरुवार रात उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भतीजे अभय का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने हरिप्रसाद को खून चढ़ाने की जरूरत बताई थी। परिजन खून की व्यवस्था करने में जुटे थे, लेकिन इसी दौरान डॉक्टरों की ओर से 20 हजार रुपये की मांग किए जाने की बात कही गई। आरोप है कि उनसे कहा गया कि 20 हजार रुपये का इंतजाम करने पर मेडिकल कॉलेज से खून उपलब्ध करा दिया जाएगा। रुपये का इंतजाम नहीं हो पाने के कारण उनके चाचा को खून नहीं मिल सका और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इसे चिकित्सकीय लापरवाही बताते हुए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रवक्ता डॉ. करण राजपूत ने बताया कि हरिप्रसाद लिवर की बीमारी से पीड़ित थे। इसके अलावा उन्हें बवासीर की भी समस्या थी। उनका हीमोग्लोबिन स्तर महज दो ग्राम था। गंभीर हालत के बावजूद उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया था। परिजनों को खून की व्यवस्था करने और मरीज को खून चढ़ाने की आवश्यकता बताई गई थी, लेकिन परिजन खून की व्यवस्था नहीं कर पाए। इसके बाद मरीज की मौत हो गई। वहीं, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसके कौशल ने बताया कि मरीज की मौत खून की अत्यधिक कमी के कारण हुई है। डॉक्टरों पर रुपये मांगने के लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उनकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
