भोपाल: मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवा वर्ष 2027 में राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने की घोषणा को पूरा करते हुए वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। सीएम यादव ने कहा कि सरकार ने घोषणा की थी कि युवा वर्ष 2027 में MPPSC की राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी और आज इस संकल्प को धरातल पर उतारते हुए परीक्षा कैलेंडर जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा कैलेंडर जारी होने से प्रदेश के युवाओं को अपनी तैयारी की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। इससे अभ्यर्थी पहले से परीक्षा की तैयारी और रणनीति तय कर सकेंगे। उन्होंने इसे युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सीएम यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने MPPSC की तैयारी कर रहे सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा पूरे आत्मविश्वास, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें।
अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा कैलेंडर में घोषित तारीखों पर रहेगी। साल में दो बार परीक्षा का अवसर मिलने से MPPSC की तैयारी करने वाले युवाओं को अपनी रणनीति बनाने के लिए नया आधार मिलेगा।
