प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेंती महल में 17 से 20 नवंबर तक धीरेंद्र शास्त्री की राम कथा चली, जो शुक्रवार को संपन्न हुई। इस दौरान नेता, अभिनेता और गायक भी पहुंचे। राम कथा सुनने आए भोजपुरी स्टार पवन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया उनसे माइक लेते और धनंजय सिंह का परिचय कराते दिखाई दे रहे हैं।

इस वीडियो को पवन सिंह के फैंस ने पसंद नहीं किया और सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए इसे जमकर वायरल किया जा रहा है। लोग इसे पवन सिंह का अपमान बता रहे हैं। अब इस मामले पर राजा भैया का बयान सामने आया है।

राजा भैया ने वायरल वीडियो पर कहा कि बात का बतंगड़ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी जगत में लोकप्रिय पवन सिंह उनके बहुत प्रिय हैं और उनके छोटे भाई की तरह हैं। उन्होंने बताया कि पवन सिंह आए और उन्हें बोलने के लिए माइक दिया गया, लेकिन कुछ काम याद आने पर माइक लेकर घोषणा की गई और फिर माइक उन्हें पकड़ा दिया गया।

राजा भैया ने आगे कहा कि कुछ लोगों ने इस पर कहा कि उनके हाथ से माइक छीन लिया गया, जबकि इस कथा का बहुत बड़ा दायित्व पवन सिंह ने भी निभाया है। उन्होंने कहा कि पवन सिंह उनके परिवार के सदस्य और छोटे भाई की तरह हैं।