लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर अपर्णा यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुख्यमंत्री जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। इस कठिन समय में उनकी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं समस्त शोकाकुल परिवार के साथ हैं। अपर्णा यादव ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। सावित्री देवी ने अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। निधन के समय घर पर मुख्यमंत्री के भाई महेंद्र और उनका परिवार मौजूद था। मां के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

पंचूर गांव पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। मां के सामने आते ही वह भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाए और कुछ पल तक उन्हें निहारते रहे। बाद में मुख्यमंत्री ने देखभाल करने वालों से मां के अंतिम क्षणों के बारे में पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि मां ने आखिरी सांस कब ली। इसके बाद भाइयों से बातचीत कर अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार के चंडी घाट का चयन किया गया।

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8 बजे पंचूर गांव स्थित उनके आवास से हरिद्वार के लिए प्रस्थान करेगी। हरिद्वार के चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।