मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह के तिलक समारोह में भव्य इंतजाम किए गए। शादी की रस्मों की शुरुआत पैतृक गांव नदवां में हुई, जहां परिवार की महिलाओं ने मांगलिक गीत गाकर तिलक-चुमावन की पारंपरिक रस्म पूरी की। इस मौके पर शिवांगी के छोटे भाई अभिनव भी मौजूद रहे। परिवार में अभिनव के जनेऊ संस्कार की तैयारियां भी चल रही हैं।

रस्म पूरी होने के बाद अनंत सिंह परिजनों और ग्रामीणों के साथ दानापुर के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब तीन बजे निकले इस काफिले में 400 से अधिक गाड़ियां शामिल थीं। वहीं, शिवांगी के होने वाले दूल्हे के लिए रेंज रोवर गाड़ी मंगाई गई, जो शुक्रवार को नदवां गांव पहुंची।

दानापुर के जी रिसॉर्ट में रात में तिलक और फलदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रिसॉर्ट में खास इंतजाम किए गए थे। मेहमानों के स्वागत के लिए 1000 किलो शुद्ध घी के लड्डू तैयार कराए गए, जो समारोह का खास आकर्षण रहे।

शिवांगी सिंह की शादी पटना जिले के बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है। शादी की तारीख 25 नवंबर निर्धारित है, जिसके लिए नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।