उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त और 10 सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 22 दिसंबर की शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी प्रमुख सचिव प्रशासनिक सुधार संयुक्ता समद्दार की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई है।

विज्ञप्ति के अनुसार विधि, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, समाज सेवा, प्रबंधन, पत्रकारिता, जनसंपर्क माध्यम अथवा प्रशासन और शासन के क्षेत्र में व्यापक ज्ञान एवं अनुभव रखने वाले प्रतिष्ठित व्यक्ति इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। नियुक्त होने वाले व्यक्ति किसी राजनीतिक दल से संबद्ध नहीं होने चाहिए। साथ ही वे संसद या विधानमंडल के सदस्य, लाभ के पद पर आसीन, कारोबारी अथवा किसी पेशे में कार्यरत नहीं हो सकते। नियुक्ति से पहले संबंधित व्यक्ति को अपना कारोबार या पेशा छोड़ना होगा।

मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त का कार्यकाल तीन वर्ष या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक होगा। दोनों पदों के लिए तय मासिक वेतन 2.25 लाख रुपये है। आवेदन के साथ दो हजार रुपये का बैंक ड्राफ्ट देना होगा। आवेदन संयुक्त निदेशक, प्रशासनिक सुधार विभाग, उत्तर प्रदेश सचिवालय, लखनऊ को भेजना होगा। अभ्यर्थी पंजीकृत डाक से आवेदन भेज सकते हैं या कार्यालय में स्वयं जमा कर प्राप्ति रसीद ले सकते हैं।

प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में गठित सर्च कमेटी आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग करेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली चयन समिति की संस्तुति पर राज्यपाल नियुक्ति करेंगे। समिति में विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष व मुख्यमंत्री द्वारा नामित एक कैबिनेट मंत्री होते हैं। मौजूदा मुख्य सूचना आयुक्त सहित 10 सूचना आयुक्तों का तीन वर्ष का कार्यकाल अगले वर्ष 12 मार्च को पूरा हो रहा है, जबकि राज्य सूचना आयुक्त का एक पद पहले से रिक्त चल रहा है।