यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने सेक्टर-18 में 147 आबादी भूखंडों का ड्रॉ निकाला है। प्राधिकरण के अनुसार यह प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी कराई गई, जिसमें प्रभावित गांवों के किसान और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।

ड्रॉ में ग्राम डूंगरपुर रीलका के 128 भूखंड शामिल किए गए और इन सभी के नंबर निर्धारित किए गए, ताकि संबंधित किसानों को उनके हिस्से में आने वाले प्लॉट की स्पष्ट जानकारी मिल सके। इसके साथ ग्राम अच्छेजा बुजुर्ग के 19 भूखंडों को भी ड्रॉ में शामिल कर उनके नंबर तय किए गए। इस तरह दोनों गांवों के कुल 147 भूखंडों का आवंटन पूरा हुआ।

प्राधिकरण इससे पहले खेरलीभाव गांव के 295 भूखंडों का आवंटन कर चुका है। सेक्टर-18 में डूंगरपुर रीलका और अच्छेजा बुजुर्ग के 147 भूखंडों का ड्रॉ पूरा होने के बाद एक सप्ताह के भीतर कुल 442 आबादी भूखंडों की आवंटन प्रक्रिया पूरी हो गई है।