मुजफ्फरनगर पुलिस ने अमरोहा में साइबर ठगी का भंडाफोड़ करते हुए अंकुर सैनी, अक्षय अग्रवाल और अब्दुल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग ग्राहकों की आईडी पर दो सिम कार्ड जारी करते थे और एक सिम साइबर ठगी के लिए रख लेते थे। इस गिरोह के तार कंबोडिया से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, अब्दुल मलिक अमरोहा के टीपीनगर चौराहा पर कैनओपी लगाकर कई कंपनियों के सिम कार्ड पोर्ट करने और नए सिम बेचने का काम करता था, जबकि अंकुर सैनी भी इसी काम में शामिल था। अक्षय अग्रवाल डिस्ट्रीब्यूटर है। आरोपियों के बारे में बताया जा रहा है कि ग्राहकों को लुभाने के लिए सिम पोर्टिंग के एवज में कोई पैसा नहीं लिया जाता था और एक महीने के लिए अनलिमिटेड डेटा भी दिया जाता था। नया सिम कार्ड 150 रुपये में दिया जाता था, जबकि बाजार में नया सिम कार्ड 350 रुपये (कॉल व डेटा) तथा केवल कॉल के लिए 250 रुपये में जारी होता है।
एक डिस्ट्रीब्यूटर के मुताबिक, ये लोग सिम पोर्ट करने या नया सिम जारी करने के लिए ग्राहक की आईडी की फोटो लेने के साथ उसका फोटो भी अपने मोबाइल से खींचते थे। ग्राहक के नाम से दो सिम कार्ड जारी करने के लिए उसका फोटो दो बार लिया जाता था और यह कहा जाता था कि फोटो सही नहीं आया या सर्वर ने नहीं पकड़ा, जिसके बाद ग्राहक दोबारा फोटो खिंचवा देता था। इसी तरह आरोपी उसके नाम से दो सिम कार्ड जारी कर लेते थे। एक सिम ग्राहक को दिया जाता था और दूसरा अपने पास रखकर साइबर ठगों को बेचा जाता था।
रिपोर्ट के अनुसार, यह धंधा जिले में कई अन्य लोग भी कर रहे हैं, जो कई डिस्ट्रीब्यूटरों को कॉल करके थोक में सिम कार्ड की मांग करते हैं। कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी गिरोह के तार अमरोहा से जुड़ने के बाद सड़क किनारे कैनओपी लगाकर सिम पोर्टिंग और बिक्री करने वाले लोग एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं।
