छत्तीसगढ़ में बर्बरीक कंस्ट्रक्शन और पीआरए ग्रुप पर आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक करीब 225 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी के प्रमाण मिले हैं। डीडीआइटी नवल जैन के नेतृत्व में 120 से अधिक अधिकारियों की टीम ने राज्य के पांच जिलों के अलावा महाराष्ट्र के मुंबई, नागपुर और झारखंड के रांची, जमशेदपुर समेत 50 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की थी, जिनमें राज्य के 36 ठिकाने शामिल हैं। तीन दिन से जारी जांच में करीब 14 करोड़ रुपये नकद, बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और कच्चे-पक्के लेन-देन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। करीब 20 करोड़ रुपये के आभूषणों का मूल्यांकन अब तक कराया जा चुका है और दोनों समूहों के 25 लॉकर खुलवाकर सामग्री की जांच की जा रही है।
कोयला, लोहा और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े इन दोनों समूहों के वित्तीय लेन-देन की पिछले तीन महीने से जांच की जा रही थी। पिछले पांच वर्षों के घोषित आयकर और वास्तविक कारोबार के आंकड़ों में अंतर मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। आयकर विभाग के अनुसार वास्तविक कर चोरी का आकलन दस्तावेजों की पड़ताल पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
