वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक संकट से जूझ रही एयरलाइंस ने करीब छह महीने तक वाराणसी से संचालन बंद रखने के बाद लगभग एक महीने पहले दिल्ली और पुणे के लिए सेवाएं दोबारा शुरू की थीं, लेकिन विमानों की कमी के चलते ये उड़ानें भी रद्द हो रही हैं। यात्रियों के लाखों रुपये रिफंड के नाम पर फंसे हैं। शिकायत है कि रिफंड के बजाय यात्रियों को अगली तारीख में टिकट री-शेड्यूल करने का विकल्प दिया जाता है, और अगले दिन वह विमान भी तकनीकी या परिचालन कारणों से रद्द कर दिया जाता है।

एयरपोर्ट पर तैनात कंपनी के कर्मचारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यात्री कम किराए के लालच में टिकट बुक कर लेते हैं और विमान रद्द होने पर उनका गुस्सा कर्मचारियों पर निकलता है। उन्होंने यात्रियों को फिलहाल स्पाइसजेट से टिकट न बुक करने की सलाह दी है। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन का स्पाइसजेट पर काफी बकाया है, जिसमें ऑफिस के किराए से लेकर लैंडिंग, टेक-ऑफ और पार्किंग शुल्क की रकम शामिल है।

सूत्रों के अनुसार, वाराणसी-मुंबई के लिए जिस उड़ान का संचालन शुरू ही नहीं हुआ, उसकी बुकिंग भी जारी है और ऐन वक्त पर विमान रद्द होने का संदेश भेजकर यात्रियों को अधर में छोड़ा जा रहा है। इससे यात्रियों के जरूरी काम और यात्रा की योजना भी प्रभावित हो रही है। यात्री अब नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से मामले में हस्तक्षेप करने और अपने फंसे हुए पैसे वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।

स्पाइसजेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने बताया कि विमानन कंपनी के संचालन संबंधी आदेश मुख्यालय से जारी होते हैं, इसमें स्थानीय स्तर पर उनका कोई हस्तक्षेप नहीं होता।