प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैशाली से बिहार के पहले छह लेन पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे के निर्माण का शुभारंभ करेंगे। यह 245 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेस-वे सहरसा जिले के पांच प्रखंडों से गुजरेगा और पटना से पूर्णिया का सफर सात-आठ घंटे से घटाकर लगभग तीन घंटे का रह जाएगा।

सहरसा जिले के महिषी, सिमरीबख्तियारपुर, सोनवर्षा, सौरबाजार और पतरघट प्रखंड से यह एक्सप्रेस-वे गुजरेगा। दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान से राजनपुर होकर यह सड़क जिले में प्रवेश करेगी और मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा से निकलेगी। वैशाली के मीरनगर (एनएच-22) से शुरू होकर यह मार्ग समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा और मधेपुरा होते हुए पूर्णिया के चंद भट्टी (एनएच-27) तक जाएगा। यह सड़क पटना रिंग रोड से भी जुड़ेगी।

छह लेन के इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियां 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकेंगी। इसके भूमि निर्माण पर 12,052 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह एक्सप्रेस-वे छह जिलों के 18 शहरों और कस्बों को सीधी कनेक्टिविटी देगा।

कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को इससे आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिससे आर्थिक गतिविधियां तेज होने और रोजगार के नए अवसर बनने की उम्मीद है। व्यापारियों और निवेशकों के लिए यह मार्ग लाभकारी माना जा रहा है। कोसी के किसानों को मखाना और मछली जैसे उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी।