भागलपुर के रसलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाली युवती से नाराज उसके परिजनों ने उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने फूस की अर्थी सजाई, उस पर युवती की तस्वीर लगाई और गांव में शवयात्रा निकालकर अंतिम संस्कार की रस्म निभाई। इस घटनाक्रम का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, हालांकि वायरल सामग्री की सत्यता की पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, युवती के घर से लापता होने के बाद परिजनों ने अमडंडा थाना क्षेत्र के एक युवक को नामजद करते हुए उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने युवती को बरामद कर उसका बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया। युवती बालिग होने के कारण उसने न्यायालय के समक्ष अपने प्रेमी सह पति के साथ रहने की इच्छा जताई, जिसके बाद कोर्ट के निर्देश पर उसे युवक के साथ जाने दिया गया।

बताया जाता है कि करीब पांच-छह वर्ष पूर्व उक्त युवक की बहन ने भी युवती की ही जाति के एक युवक से प्रेम विवाह किया था और उसकी ससुराल युवती के घर के पड़ोस में थी। इसी वजह से युवक का वहां आना-जाना होता था और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गईं। ग्रामीणों के बीच इस रिश्ते को लेकर चर्चाएं भी जारी हैं।

रसलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने युवती को बरामद कर न्यायालय में उसका फर्द बयान दर्ज कराया था। युवती बालिग है और उसने न्यायालय में स्वेच्छा से युवक के साथ रहने की सहमति दी थी। थानाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें फिलहाल परिजनों द्वारा किए गए प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार की घटना की विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।