भिवानी के घंटाघर चौक पर बुधवार देर रात चोरों ने दो दुकानों की पिछली दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शादी-विवाह में इस्तेमाल होने वाली नोटों की मालाएं सहित लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। दुकानदारों के अनुसार इन दुकानों में पहले भी चोरी हो चुकी है, जिसके बाद शटर मजबूत कराए गए थे और अतिरिक्त ताले व लोहे की राड लगवाई गई थी। दुकानदार राहुल बंसल ने बताया कि चोर दुकान में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे घुमा गए, हालांकि एक कैमरे में एक संदिग्ध का चेहरा कुछ हद तक दिखाई देने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। डीएसपी महेश कुमार ने कहा कि चोरी की वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा।

लगातार दूसरी बार चोरी का शिकार होने से दुकानदारों में दहशत है और व्यापारियों में भारी रोष है। नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष भानु प्रकाश ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले हुई चोरी का मामला अभी तक नहीं सुलझा है। व्यापारी नेता जेपी कौशिक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद नहीं करवाया गया तो व्यापारी बाजार बंद कराने के साथ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। व्यापारियों ने बाजारों में गश्त बढ़ाने और दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।