मध्य प्रदेश के ब्यावरा जिले के कालीपीठ थाने से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि भैंस चोरी के आरोपियों को पकड़कर थाने ले जाने वाले लोगों पर ही अपहरण का केस दर्ज कर दिया गया। इन लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने केस से बचाने के नाम पर सात लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बाद में दो लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें से 50 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए। शेष डेढ़ लाख रुपये सोमवार को देने थे, लेकिन लोकायुक्त की कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी रकम लेने नहीं पहुंचे।
भोपाल लोकायुक्त ने इस मामले में कालीपीठ थाने के एसएआई मीणा, हेड कांस्टेबल राहुल, एक होमगार्ड सैनिक और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। लोकायुक्त इंस्पेक्टर रजनी तिवारी ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।
मगन्याखेड़ी निवासी राजाराम तंवर ने बताया कि उनके रिश्तेदारों की भैंसें चोरी हुई थीं। उन्होंने बताया कि चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रात में ही छोड़ दिया। अगली सुबह थाने पहुंचने पर अधिकारियों को दोबारा बुलाया गया। राजाराम का आरोप है कि दोनों भैंसें लौटाने की जिम्मेदारी लेने के बावजूद अब तक एक ही भैंस वापस मिली है, और उल्टा चोरों को पकड़ने वालों पर ही अपहरण का केस दर्ज कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने 17 नवंबर को भोपाल लोकायुक्त एसपी सुनील कुमार पाटीदार से शिकायत की थी। राजाराम ने पूरे थाने को निलंबित करने की मांग के साथ-साथ अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
