पटना। बिहार मंत्रिमंडल ने बुधवार को हुई बैठक में सरकारी अस्पतालों में रेडिएशन सुरक्षा के लिए मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी अफसरों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने बिहार मेडिकल फिजिसिस्ट-सह-रेडिएशन सेफ्टी ऑफिसर सेवा (भर्ती एवं सेवा शर्त) संवर्ग नियमावली-2026 को भी स्वीकृति प्रदान की। सरकार का उद्देश्य एक्स-रे, सीटी स्कैन और कैथ लैब जैसी रेडिएशन आधारित जांच एवं उपचार प्रक्रियाओं को सुरक्षित बनाना है, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को रेडिएशन के संभावित दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।

बैठक में बिहार प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिक्स गैर शैक्षणिक संवर्ग नियमावली-2026 के गठन को भी मंजूरी मिली। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग में प्रोस्थेटिक एवं आर्थोटिस्ट के तकनीकी पदों पर नियुक्ति, प्रोन्नति और सेवा शर्तों के प्रावधान तय किए जाएंगे। वहीं, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आइजीआइएमएस), पटना के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में 64 पदों के सृजन को स्वीकृति दी गई है, जिससे गंभीर मरीजों के उपचार से जुड़ी विभागीय व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मंत्रिमंडल ने राज्य के सभी 38 जिलों में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने की योजना को भी मंजूरी दी। हाईब्रिड मोड में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। इस पर सालाना 31.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके अलावा झंझारपुर पथ प्रमंडल के अंतर्गत 39.21 किलोमीटर लंबी मधेपुर-तुमरिया-अंधराठाढ़ी-रामपुर-भूपट्टी सड़क के चौड़ीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। सड़क की मौजूदा चौड़ाई 3.75 से 5.50 मीटर से बढ़ाकर सात मीटर की जाएगी। मंत्रिमंडल ने प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी के 17 पदों के सृजन, पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के विस्तार के लिए 164.51 करोड़ रुपये की स्वीकृति, राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका-2026 तथा पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण लिपिकीय संवर्ग नियमावली-2026 को भी मंजूरी दी है।