बिहार में हाल के दिनों में हुई असमय वर्षा से फसलों को पहुंचे नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने गंभीरता दिखाई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कृषि विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को सभी जिलों से वर्षा के कारण फसलों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त कर क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर सरकार की इस पहल की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में असमय वर्षापात के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचनाएं मिल रही हैं। इसे देखते हुए दोनों विभागों को जिलों से स्थिति की जानकारी लेने और फसल क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आकलन के आधार पर प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
सरकार के इस निर्देश के बाद जिलों से फसल क्षति की रिपोर्ट जुटाने और प्रभावित क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। इससे नुकसान झेलने वाले किसानों को राहत उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा।
