पटना। बिहार के कई जिलों में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राजधानी पटना, दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत अन्य इलाकों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। सुबह के समय अचानक आए इन झटकों से लोग सतर्क हो गए और एक-दूसरे से जानकारी लेते दिखे। अब तक कहीं से किसी नुकसान की सूचना नहीं है।

दरभंगा में सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर लगभग 2 से 3 सेकंड के लिए हल्के झटके महसूस किए गए। लोग समझ पाते, उससे पहले ही झटके खत्म हो गए। रिपोर्ट में इस भूकंप की तीव्रता 5.4 मैग्निट्यूड बताई जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास सुबह करीब 7:02 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी झटके महसूस होने से लोगों में घबराहट फैल गई। फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है।

भूकंप का असर राज्य के प्रमुख शहरों में भी देखने को मिला। पटना और दरभंगा में सुबह के वक्त लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। इन दोनों जिलों में झटके महसूस होने की पुष्टि के बाद पूरे इलाके में भूकंप को लेकर चर्चा तेज हो गई।