बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्कूली स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने के उद्देश्य से मशाल-2026 अभियान शुरू किया गया है। खेल विभाग, शिक्षा विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस अभियान को राज्य के करीब 37 हजार मध्य एवं उच्च विद्यालयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा और उनकी शारीरिक क्षमता, खेल कौशल तथा प्रतिस्पर्धात्मक प्रतिभा का आकलन किया जाएगा। इसमें बालक और बालिका दोनों वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान में एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और साइक्लिंग सहित पांच खेल विधाएं शामिल की गई हैं, जिससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। प्रतिभाओं की पहचान के लिए पांच स्तरीय चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसकी शुरुआत विद्यालय स्तर से होगी, जहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी क्लस्टर रिसोर्स सेंटर (सीआरसी) स्तर पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रखंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और इन सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

अभियान का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं, बल्कि उभरते खिलाड़ियों के लिए भविष्य की राह तैयार करना भी है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र, जिला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर्स जैसी संस्थाओं में उन्नत खेल प्रशिक्षण की सुविधाओं से जोड़ने की योजना है। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पुरस्कार, प्रमाणपत्र और प्रेरणा छात्रवृत्ति का भी प्रावधान किया गया है।