बिहार में हवाई सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को पटना के सूचना भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वर्ष 2030-31 तक सोनपुर और अजगैबीनाथ धाम में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनकर तैयार हो जाएंगे। साथ ही अगले तीन से चार वर्षों में पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल एयरपोर्ट के विकास का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा के पास बड़ा हवाई अड्डा बनाया जाएगा।

देवरे के अनुसार पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उन्नयन पूरा हो चुका है। दरभंगा में नया टर्मिनल और 3700 मीटर लंबा रनवे बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा दिलाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है और यहां कार्गो हब के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास के लिए 67.18 एकड़ जमीन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को सौंपी गई है, जहां 294.05 करोड़ रुपये से सिविल एन्क्लेव बनाया जा रहा है। कार्गो कांप्लेक्स और एयरोसिटी के लिए 567 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की योजना है, जिस पर करीब 290 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

गया एयरपोर्ट पर सीएटी-1 लाइटिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिसके लिए जमीन अधिग्रहण पूरा हो चुका है। इस सुविधा से घने कोहरे और कम दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होगी। उड़ान योजना के तहत मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा एयरपोर्ट का विकास किया जाएगा। रक्सौल में 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है और यहां डीपीआर तैयार की जा रही है।

मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट पर टर्मिनल और रनवे का निर्माण शुरू हो गया है। वाल्मीकिनगर में टर्मिनल पर 27.15 करोड़ और रनवे पर 23.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है, जहां टर्मिनल और रनवे पर क्रमशः 30.48 करोड़ और 28.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सहरसा में रनवे के विस्तार के लिए 12 एकड़ से अधिक जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है, जिस पर 42.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे।