भोजपुर जिले के बबुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू कारोबार से जुड़े एक अनोखे तरीके का पर्दाफाश करते हुए सारण जिले (छपरा) के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 22 चालू जीपीएस उपकरण और एक स्प्लेंडर बाइक (BR04-AM-3793) बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक से बड़ी संख्या में जीपीएस लेकर छपरा से कोईलवर की ओर आ रहा है, जिसके बाद फोरलेन पर सिंगला प्लांट के समीप वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी में बाइक पर रखे प्लास्टिक के बोरे से 13 और सीट के नीचे तथा अन्य जगहों से 9 जीपीएस उपकरण मिले। पुलिस के अनुसार सभी उपकरण बाइक की बैटरी से जुड़े और चालू हालत में थे। गिरफ्तार युवक की पहचान सारण जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नया टोला बिशनपुरा निवासी बच्चा राय के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले छह महीने से यह काम कर रहा था। उसके अनुसार ट्रैक्टरों में लगे जीपीएस निकालकर बाइक से पटना जिले के पुनपुन स्थित बालू घाट संख्या-3 पर भेजे जाते थे, जहां ट्रैक्टरों के नाम पर चालान जनरेट कराकर जीपीएस और चालान वापस लाए जाते थे, ताकि अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों को वैध दिखाकर मंडियों तक भेजा जा सके। आरोपी ने बताया कि उसे प्रत्येक चालान पहुंचाने के बदले 700 रुपये मिलते थे। उसके गांव में 100 से अधिक ट्रैक्टर हैं, जिनसे बालू का अवैध कारोबार किया जाता है। जांच में कई बार फर्जी चालान के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है, जिसके जरिए बालू को छपरा और मुजफ्फरपुर की मंडियों में बेचा जाता था।

इस मामले में बबुरा थाना कांड संख्या 111/26 दर्ज कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। एसडीपीओ सदर-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि बरामद जीपीएस के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बालू कारोबारियों तक पहुंचने में जुटी है।