छठ अवकाश के बाद मंगलवार से बिहार के सभी 38 जिलों में सरकारी विद्यालयों में 'संकल्प संध्या' पहल के तहत सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू हो गईं। राजधानी पटना में तीन विद्यालयों को इस पहल का केंद्र बनाया गया है—दरियापुर गोला स्थित पटना कॉलेजिएट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोलघर स्थित बांकीपुर बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और दानापुर स्थित बलदेवा उच्च विद्यालय।
पटना कॉलेजिएट में क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अमित कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी सरस्वती कुमारी की उपस्थिति में कक्षाओं का शुभारंभ किया गया। पहले दिन पटना कॉलेजिएट में 100 से अधिक विद्यार्थी कक्षाओं में शामिल हुए। प्राचार्या सरिता शर्मा ने विद्यार्थियों के बीच स्टेशनरी सामग्री और स्कूल बैग वितरित किए। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सैफुर रहमान और बिपिन पासवान ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस पहल का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
अन्य जिलों में भी अधिकारियों की उपस्थिति में पहल का शुभारंभ हुआ। नालंदा में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के एसडीपी नवदीप शुक्ला, बक्सर में माध्यमिक शिक्षा निदेशक नितिन कुमार सिंह, वैशाली में टेक्स्ट बुक के एमडी यतेंद्र कुमार पाल और भोजपुर में प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने कक्षाओं का उद्घाटन किया।
इस पहल के तहत नौवीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। कक्षाएं प्रतिदिन शाम पांच बजे से 7:30 बजे तक चलेंगी और इनके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। अभियान अगले वर्ष 31 मार्च तक संचालित किया जाएगा। उपचारात्मक शिक्षण के तहत अंग्रेजी, गणित और विज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, साथ ही कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई को भी प्राथमिकता दी जाएगी। कक्षाओं को प्रभावी बनाने के लिए स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इन कक्षाओं से विद्यार्थियों की विषयगत समझ मजबूत होगी और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी बेहतर होगी।
