बिहार सरकार ने राज्य के नगर निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत करने और शहरी विकास योजनाओं को गति देने के लिए 1492.84 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। यह राशि सप्तम राज्य वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत राज्य के सभी 264 कार्यरत नगर निकायों को सहायक अनुदान दिया जाएगा।

स्वीकृत राशि में सबसे अधिक 575.87 करोड़ रुपये 19 नगर निगमों को दिए जाएंगे। वहीं, 89 नगर परिषदों के बीच 550.17 करोड़ रुपये और 156 नगर पंचायतों के बीच 339.93 करोड़ रुपये विमुक्त करने की स्वीकृति मिली है। इस तरह तीनों श्रेणियों के नगर निकायों को कुल 1465.97 करोड़ रुपये सहायक अनुदान के रूप में उपलब्ध कराए जाएंगे। इस अनुदान से नगर निकाय अपने स्तर पर शहरी सुविधाओं और विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ा सकेंगे।

नगर निकायों को दिए जाने वाले अनुदान के अलावा 26.87 करोड़ रुपये मुख्यालय स्तर पर खर्च किए जाएंगे। यह राशि सामान्य निधि के 3.6 प्रतिशत हिस्से के रूप में निर्धारित की गई है। इसके तहत स्पर टाइप पीएमयू के संचालन, सूचना प्रौद्योगिकी की क्षमता बढ़ाने और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर केंद्रीयकृत रूप से खर्च किया जाएगा।

नगर विकास विभाग मुख्यालय स्तर पर तकनीकी और प्रशासनिक क्षमता बढ़ाने पर भी राशि खर्च करेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय निकायों की आर्थिक क्षमता को मजबूत करना है, जिससे शहरों में बुनियादी सुविधाओं के विकास और नागरिक सेवाओं के संचालन में सहूलियत होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और सूचना प्रौद्योगिकी तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने से शहरी निकायों के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।