वेडिंग सीजन में इस बार दूल्हों का फैशन खूब चर्चा में है। पटना से मिली जानकारी के अनुसार, शादी के दिन रॉयल और स्टाइलिश दिखने के लिए दूल्हे अब सिर्फ शेरवानी तक सीमित नहीं हैं। साफे का रंग, गले की माला, शेरवानी पर ब्रोच और जूती तक का चुनाव खास प्लानिंग के साथ किया जा रहा है। दुल्हन के लहंगे और शादी की थीम से मैच करता दूल्हे का लुक तैयार कराया जा रहा है, जिसके लिए कई दूल्हे मेकअप आर्टिस्ट और वेडिंग स्टाइलिस्ट की मदद भी ले रहे हैं।

दूल्हों की स्टाइलिंग में इस बार साफा खास आकर्षण बना हुआ है। पहले रेडीमेड साफा पहनने का चलन था, लेकिन अब कपड़े से साफा बंधवाने की मांग बढ़ रही है। साफे की ऊंचाई, बांधने का अंदाज और रंग शेरवानी के अनुसार तय किया जा रहा है। पेस्टल शेरवानी के साथ आइवरी साफा और पारंपरिक परिधान के साथ राजस्थानी साफा पसंद किया जा रहा है।

बोरिंग रोड की मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइलिस्ट सैचल प्रिया के अनुसार, रॉयल लुक के लिए मोतियों की कई परत वाली माला पसंद की जा रही है। हल्की कढ़ाई वाली शेरवानी के साथ उभरी हुई माला आकर्षक लगती है, जबकि हैवी वर्क वाली शेरवानी के साथ हल्की एक्सेसरीज बेहतर रहती हैं। पगड़ी पर कलगी और शेरवानी पर ब्रोच दूल्हे को पारंपरिक के साथ शाही लुक देते हैं। एक्सेसरीज में मोतियों की माला, कुंदन और पन्ने के हार की मांग बढ़ रही है।

दूल्हे के वेडिंग लुक में जूती भी अहम हिस्सा बन गई है। शेरवानी के रंग और डिजाइन के मुताबिक जरी वर्क वाली जूती, मोजड़ी या लेदर फुटवियर चुने जा रहे हैं। इंडो-वेस्टर्न लुक के साथ स्टोन वर्क ब्रोच और हल्की माला पसंद की जा रही है, जबकि पेस्टल थीम में आइवरी साफा और मोती वर्क वाली जूती का कॉम्बिनेशन आकर्षक बन रहा है। स्टाइलिस्ट सैचल प्रिया के मुताबिक, दूल्हे की स्टाइलिंग की शुरुआत शेरवानी और शादी की थीम से होती है, और कोशिश रहती है कि दूल्हा और दुल्हन का लुक एक-दूसरे से मेल खाए।