नई दिल्ली। पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने बुधवार को यूएई के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी की तारीफ की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि इससे पता चलता है कि सीमित ओवरों का क्रिकेट बल्लेबाजों के पक्ष में कितना एकतरफा हो गया है। मंगलवार को दोहा में एशिया कप मेंस राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में भारत ए की ओर से खेलते हुए 15 वर्षीय वैभव ने यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 7 चौके और रिकॉर्ड 28 छक्के लगाए।
मांजरेकर ने एक्स पर लिखा कि इसमें कोई शक नहीं कि वैभव में कुछ खास बात है, मगर उन्होंने जो किया, वह इस बात की एक और याद दिलाता है कि सीमित ओवरों का क्रिकेट किस बेतुके स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह सोचना गलत है कि फैंस यही देखना चाहते हैं, क्योंकि यह खेल बल्ले और गेंद दोनों का है, न कि सिर्फ बल्ले का।
वैभव ने अपनी पारी के दौरान लिस्ट ए क्रिकेट के कई रिकॉर्ड तोड़े। उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में शतक पूरा किया, जो इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक है। इसके बाद उन्होंने सबसे तेज 150 रन बनाने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा और 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। उनके 28 छक्के लिस्ट ए की एक पारी में सर्वाधिक हैं, जबकि 384.90 का स्ट्राइक रेट इस फॉर्मेट में शतक लगाने वाले किसी भी खिलाड़ी के लिए अब तक का सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट है।
मांजरेकर की टिप्पणी से उस बहस को और हवा मिली है कि क्या सीमित ओवरों का क्रिकेट बहुत ज्यादा बल्लेबाजों के पक्ष में झुक गया है, जहां गेंदबाजों के लिए रनों की बारिश रोकना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। मंगलवार की इस पारी से पहले दोहा में सूर्यवंशी का प्रदर्शन खास नहीं रहा था। उन्होंने नेपाल के खिलाफ 26 रन और पाकिस्तान ए के खिलाफ 11 रन बनाए थे। इंदौर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार के लिए खेलते हुए वह 18 रन पर आउट हुए थे। इस मैच में उन्होंने पहली बार अपनी राज्य की टीम की कप्तानी की थी।
