हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक अनोखा विवाह समारोह हुआ, जहां 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने वृद्धाश्रम में शादी की। दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में बुधवार को शहनाई की धुनों के बीच दोनों ने सात फेरे लिए। कन्हैया लाल ने शेरवानी और सबीना ने लाल साड़ी पहनी। समारोह में उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना सहित जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल और वृद्धाश्रम के संस्थापक प्रकाश बंसल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

वृद्धाश्रम में रहने वाले अन्य बुजुर्गों और संस्थान के सदस्यों ने भी समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नवदंपती को बधाई दी। उपायुक्त किरण भड़ाना ने नवदंपती को विवाह की बधाई देते हुए शगुन दिया और इस पहल को सराहनीय बताते हुए उनके नए जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

कोलकाता निवासी सबीना और मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग गांव निवासी कन्हैया लाल अब एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी बन गए हैं। कन्हैया लाल की पत्नी के निधन के बाद उनके भाइयों ने उन्हें बेदखल कर दिया था। वह कई दिन तक गुफा में भी रहे, इसके बाद किसी तरह वृद्धाश्रम में पहुंचे। सबीना परिवार के साथ शिमला घूमने आई थीं, जो यहां भटक कर रह गईं। पहले मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह कुछ भी नहीं बता पाईं, जब ठीक हुईं तो उन्होंने यहीं रहने का मन बना लिया।

शादी के बाद दोनों नालागढ़ स्थित वृद्धाश्रम में अपना नया जीवन शुरू करेंगे।