सुप्रीम कोर्ट द्वारा 2002 गुजरात दंगों से जुड़े मामले में दो दोषियों को जमानत दिए जाने पर बिलकिस बानो ने गहरा दुख और अविश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि बिना उनका पक्ष सुने यह आदेश पारित किया गया, जिसकी जानकारी उन्हें मीडिया रिपोर्टों से मिली। बिलकिस ने कहा कि इस फैसले से उनके और उनके परिवार के पुराने डर फिर से जिंदा हो गए हैं और वह अपने, अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर डरी हुई हैं।
बिलकिस बानो ने कहा कि इस आदेश ने न्याय व्यवस्था से उनका भरोसा डिगा दिया है। उन्होंने बताया कि 2002 की घटना के समय वह 19 साल की थीं और परिवार व दोस्तों के सहारे जिंदगी को दोबारा संवारने में उन्हें कई साल लगे। उन्हें उम्मीद थी कि अब शांति मिलेगी, लेकिन ताजा आदेश ने वे पुराने डर लौटा दिए हैं, जिनसे वह उबर चुकी थीं।
उन्होंने कहा कि पिछले 24 सालों में उन्होंने अपने अंदर हिम्मत के ऐसे स्रोत खोजे, जिनके बारे में उन्हें खुद पता नहीं था। यह सिर्फ इसलिए हो पाया क्योंकि उन्हें लाखों लोगों का समर्थन और एकजुटता मिली। बिलकिस ने कहा कि आज उन्हें लग रहा है कि जिस न्याय के लिए उन्होंने लंबी लड़ाई लड़ी, वह उनसे छिन रहा है।
बिलकिस बानो ने इस आदेश को चुनौती देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ अपनी कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी और उन्हें ऐसा करना ही होगा।
