पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन की चर्चाओं के बीच भाजपा के भीतर इस मुद्दे पर मतभेद सामने आ रहे हैं। पार्टी का एक वर्ग अकाली दल के साथ दोबारा हाथ मिलाने के पक्ष में है, जबकि पुराने भाजपा नेता इसका विरोध कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि पार्टी के पुराने नेताओं और दूसरे दलों से भाजपा में आए नेताओं के बीच इस मुद्दे पर मतभेद है। उनके अनुसार गठबंधन का फैसला पार्टी हाईकमान को करना है।

पंजाब भाजपा का एक वर्ग लंबे समय से अकाली दल से अलग होकर अपना स्वतंत्र राजनीतिक आधार बनाने की वकालत करता रहा है। किसान आंदोलन के बाद दोनों दलों के बीच आई दूरी और उसके बाद के राजनीतिक घटनाक्रम ने इस वर्ग की सोच को और मजबूत किया है। भाजपा के कई नेता मानते हैं कि पार्टी को अपने दम पर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी जारी रखनी चाहिए।

दूसरी ओर गठबंधन के समर्थकों का तर्क है कि अकाली दल के पास ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन और कार्यकर्ताओं का नेटवर्क है। उसके साथ आने से भाजपा को उन क्षेत्रों में भी राजनीतिक आधार मिल सकता है, जहां पार्टी अभी कमजोर है।

ऐसे में भाजपा नेतृत्व के सामने दोहरी चुनौती होगी। एक तरफ अकाली दल के साथ सीटों और चुनावी रणनीति पर सहमति बनानी होगी, वहीं दूसरी तरफ अपने पुराने नेताओं को भी इस फैसले के साथ जोड़ना होगा। गठबंधन की असली परीक्षा केवल चुनावी मंच पर नहीं, बल्कि भाजपा के संगठन के भीतर भी होगी।