राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के संस्थापक शरद पवार और उनकी पार्टी को लेकर पिछले कुछ महीनों से तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इनमें यह चर्चा भी शामिल है कि NCP के दोनों धड़े एक हो सकते हैं और शरद पवार भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में जा सकते हैं। सुनेत्रा पवार की अगुवाई वाली NCP के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल ने मंगलवार (24 नवंबर) को इन अटकलों पर अपनी राय रखी।

भुजबल ने संवाददाताओं से कहा कि निजी तौर पर उन्हें नहीं लगता कि शरद पवार NDA में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह उनकी अपनी राय है, लेकिन किसी खास मुद्दे पर अगर शरद पवार को सही लगे, तो वह राजग नीत सरकारों या केंद्र सरकार का समर्थन कर सकते हैं। भुजबल ने कहा कि जब तक शरद पवार इस बारे में औपचारिक फैसला नहीं करते, तब तक NDA में शामिल होने की चर्चा महज अटकलें ही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उचित जांच-पड़ताल के बाद NCP (शरद पवार) परिसीमन विधेयक का समर्थन कर सकती है।

परिसीमन के मुद्दे पर सुप्रिया सुले की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए भुजबल ने कहा कि अगर सुले और NCP को लगता है कि यह मुद्दा सही है और इस पर समर्थन दिया जाना चाहिए, तो वे इसे परखने और इसके महत्व को समझने के बाद इसका समर्थन कर सकते हैं। बता दें कि इसी साल अप्रैल में लोकसभा में यह विधेयक पेश किया गया था, लेकिन दो तिहाई संख्या बल नहीं होने के कारण यह सदन में गिर गया था। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार इसे संसद से पारित कराने के लिए सांसदों का जुगाड़ जुटाने में लगी है।

इस बीच, सुप्रिया सुले ने उन खबरों को खारिज किया है जिनमें अगले महीने जन्मदिन पर शरद पवार के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें लगाई गई थीं। सुले ने कहा कि उनके पिता अभी भी राज्यसभा के सदस्य हैं और उनका पांच साल का कार्यकाल बाकी है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शरद पवार के संन्यास पर चर्चा करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पवार जीवन में कभी नहीं रुकेंगे और कुछ न कुछ सकारात्मक काम करते रहेंगे।