मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जल्द ही जारी करेगा। यह परीक्षा 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे। इस भर्ती के लिए 7.54 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।

जारी नोटिफिकेशन के अनुसार कॉन्स्टेबल के 7500 पदों पर भर्ती होनी है। एडमिट कार्ड परीक्षा से चार दिन से एक सप्ताह पहले तक जारी होने की उम्मीद है, यानी 3 से 6 दिसंबर के बीच हॉल टिकट जारी किए जा सकते हैं। एडमिट कार्ड में अभ्यर्थियों को उनकी परीक्षा तिथि की जानकारी दी जाएगी।

परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रकार के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न पत्र में सवाल मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की आठवीं कक्षा के स्तर के होंगे। पेपर में सामान्य ज्ञान एवं तार्किक ज्ञान से 40 सवाल, बौद्धिक क्षमता एवं मानसिक रुचि से 30 सवाल और विज्ञान एवं सरल अंक गणित से 30 सवाल पूछे जाएंगे।

परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट का समय अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक है। पहली शिफ्ट के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8 से 9 बजे के बीच और दूसरी शिफ्ट के लिए दोपहर 1 से 2 बजे तक निर्धारित है। निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।