उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट-बंटवारे की बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी द्वारा कांग्रेस को 26 सीटें देने की घोषणा पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने इसे अपमानजनक बताते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस भिखारी है, जब सीटों की मांग ही नहीं की गई थी। मसूद ने कहा कि यह उनकी समझ से बाहर है और इस पर पार्टी को ही फैसला लेना होगा। उन्होंने कहा कि अगर काम करने का तरीका यही है कि शर्तें थोपी जाएं, तो ऐसी बातें उन जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति को समझ नहीं आतीं।

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर दिल्ली में सोमवार से वार्ता शुरू हुई थी। सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव द्वारा कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दिए जाने की बात कही गई थी। मंगलवार को सपा प्रमुख ने एक्स पर लिखा कि जीतने वाली 26 सीटों से शुरुआत हुई है और मिलजुलकर समझदारी से बात आगे बढ़ेगी।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस को दी जाने वाली बताई जा रही 26 सीटों में रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं। यह सीटें पूर्व में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित तौर पर सपा द्वारा कांग्रेस को सौंपी गई 54 सीटों की सूची में भी शामिल थीं।