हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश कोर कमेटी की घोषणा की है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेशानुसार यह कमेटी घोषित की गई और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की। कमेटी में कुल 12 सदस्य और दो विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल हैं। पहले इसकी संख्या 21 थी, जिसे अब घटाकर 12 कर दिया गया है।
कोर कमेटी में केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश महामंत्री संगठन सिद्धार्थन, सांसद सुरेश कश्यप, सांसद अनुराग ठाकुर, विधायक सतपाल सिंह सत्ती, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक विपिन सिंह परमार, राज्यसभा सदस्य डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल को शामिल किया गया है। प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी दर्शना सिंह को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
इस बार कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल को जगह नहीं मिली है। दोनों नेता मुख्यमंत्री के साथ-साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद भी संभाल चुके हैं। शांता कुमार 1977 और 1990 में तथा प्रेम कुमार धूमल 1998 और 2007 में मुख्यमंत्री बने थे। इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के बिना बनी नई टीम को संगठन में पीढ़ीगत बदलाव के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।
कमेटी में सांसद कंगना रनौत, राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन और सुधीर शर्मा को भी स्थान नहीं मिला है। विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट के लिए नाम प्रस्तावित करने में इस कमेटी की अहम भूमिका रहेगी और चुनाव से जुड़े अन्य निर्णय भी कमेटी की सहमति से लिए जाएंगे। जेपी नड्डा का हिमाचल गृह राज्य है।
