पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गढ़ माने जाने वाले ग्रामीण इलाकों में नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) तेजी से अपनी पकड़ बना रही है। एनसीपीआई पहले ही सायोनी घोष, सुदीप बंद्योपाध्याय, शताब्दी रॉय और यूसुफ पठान जैसे चर्चित नेताओं के साथ जुड़ चुकी है। तृणमूल के 20 बागी सांसदों के एनसीपीआई में शामिल होने के बाद अब पंचायत स्तर पर भी पार्टी का विस्तार हो रहा है। उत्तर बंगाल से लेकर दक्षिण बंगाल तक कई पंचायत प्रतिनिधियों के पाला बदलने से ममता बनर्जी के सामने संगठनात्मक चुनौती खड़ी हो गई है।

पार्टी ने उत्तर बंगाल के इस्लामपुर और गोलपोखर से लेकर दक्षिण बंगाल के मिनाखां और संदेशखाली तक तृणमूल के कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अपने पाले में कर लिया है। एनसीपीआई केंद्र में सत्तारूढ़ राजग का हिस्सा है। पार्टी के प्रवक्ता अनुराग सिंह ने कहा कि पार्टी पूरे राज्य में अपनी संगठनात्मक उपस्थिति बढ़ा रही है और उसे उम्मीद है कि वह और अधिक स्थानीय निकायों पर नियंत्रण हासिल कर लेगी। उन्होंने कहा, "हम बंगाल में कई जगहों पर, पंचायतों सहित, बोर्ड बनाने में सफल रहे हैं। आने वाले दिनों में हम और भी बोर्ड बनाएंगे।"

एनसीपीआई का दावा है कि तृणमूल की बशीरहाट संसदीय क्षेत्र इकाई में उसने 13 ग्राम पंचायतों और दो पंचायत समितियों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है। पार्टी के मुताबिक मीनाखान में तृणमूल के नियंत्रण वाली पंचायत समिति के 23 सदस्यों में से उपाध्यक्ष सहित 13 सदस्य अब उससे जुड़ गए हैं। पड़ोसी कुल्टी ग्राम पंचायत में उप-प्रधान सहित 20 में से 13 सदस्यों ने भी एनसीपीआई का दामन थाम लिया है। उत्तर दिनाजपुर जिले की गोलपोखर-द्वितीय पंचायत समिति में अध्यक्ष समेत 16 सदस्य एनसीपीआई में शामिल हो गए हैं।

तृणमूल ने एनसीपीआई पर भाजपा के मोहरे के तौर पर काम करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा राजग के इस सहयोगी दल का इस्तेमाल नेताओं को पार्टी से तोड़ने और सत्तारूढ़ दल के जमीनी नेटवर्क को कमजोर करने के लिए कर रही है। तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा अपनी बी-टीम और सी-टीम ला रही है और दलबदल करने वाले लोग भाजपा के एजेंट हैं। वहीं भाजपा का कहना है कि तृणमूल सदस्य एनसीपीआई में शामिल हों या कहीं और जाएं, यह उनका अपना फैसला है। माकपा केंद्रीय समिति के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने भी एनसीपीआई को लेकर आरोप लगाया है।