नीट पेपर लीक आंदोलन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी का अहम चेहरा रहे विजेता दहिया इन दिनों अपने राजनीतिक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय दहिया अगले साल पांच राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर भी अपनी राय खुलकर रखते हैं। इस बीच उनका गुस्सा आम आदमी पार्टी पर फूटा है।
कभी आम आदमी पार्टी को समर्थन दे चुके दहिया ने पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा। दरअसल, सिसोदिया हाल ही में बागेश्वर बाबा यानी धीरेंद्र शास्त्री के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां उन्होंने पंजाब चुनाव में मान सरकार की दोबारा जीत के लिए बाबा से आशीर्वाद मांगा।
इसे लेकर दहिया बुरी तरह भड़क गए। मंगलवार रात पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई अपना स्तर इतना कैसे गिरा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि वह पहले आम आदमी पार्टी का समर्थन कर चुके हैं। दहिया ने सिसोदिया द्वारा धीरेंद्र शास्त्री से आशीर्वाद मांगे जाने पर सवाल उठाया और बाबा के बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति से आशीर्वाद मांगा जा रहा है।
दहिया ने आगे कहा कि पांच साल में कुछ काम नहीं किया गया, जिसकी वजह से ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी जीत पर कोई खुशी नहीं होनी चाहिए और वह ऐसी जीत और ऐसी राजनीति पर थूकते हैं। दहिया ने अपना दुख बताते हुए कहा कि ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन के दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी के समर्थन में नारे लगाए थे और उम्मीद थी कि यह पार्टी कुछ अच्छा करेगी, लेकिन मनीष सिसोदिया जैसे पढ़े-लिखे शख्स के अंधविश्वास का रास्ता अपनाने से उनमें और बाकियों में कोई अंतर नहीं रह गया है।
