लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के बीच सीटों को लेकर खींचतान तेज हो गई है। दोनों दलों का पूर्वांचल में प्रभाव है और कई सीटों पर दोनों की निगाहें हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में सुभासपा एनडीए गठबंधन का हिस्सा नहीं थी, जबकि निषाद पार्टी को 10 सीटें मिली थीं। इस बार सुभासपा भी गठबंधन में है और पिछली बार उसे इंडी गठबंधन में 15 सीटें मिली थीं। ऐसे में कोई भी पक्ष कम सीटों पर समझौता नहीं करना चाहता।

आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे अरुण राजभर को उतारने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि संजय निषाद पिछले चुनाव में निषाद पार्टी के लड़ने का हवाला देकर दावेदारी जता रहे हैं। गोरखपुर की चौरीचौरा सीट पर भी टकराव की स्थिति है, जहां 2022 में निषाद पार्टी के सरवन निषाद ने जीत दर्ज की थी और अब राजभर करीब 50 हजार राजभर मतदाता होने का तर्क देकर दावा कर रहे हैं।

जौनपुर की शाहगंज सीट पर 2022 में निषाद पार्टी के रमेश सिंह जीते थे, लेकिन अब राजभर की पार्टी भी इस पर दावा कर रही है। आजमगढ़ की दीदारगंज सीट से ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे अरविंद राजभर को मैदान में उतारने की तैयारी में हैं, जहां निषाद पार्टी की भी दावेदारी रही है।

संजय निषाद के लिए 2027 में अपने कोर वोटर को बचाने की चुनौती भी है। वह केवट, मल्लाह, मांझी, बिंद और कश्यप समेत मछुआ समुदाय से जुड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल कर आरक्षण दिलाने का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं। बिहार की विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी की यूपी में सक्रियता और हाल में गोंडा जिले में उनकी रैली ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। सूत्रों के अनुसार, राजभर का एनडीए में बढ़ता कद और विकासशील इंसान पार्टी को मिल रही तवज्जो की वजह से निषाद पाला बदलने के विकल्प पर भी सोच सकते हैं। बीजेपी दोनों के वोट बैंक को देखते हुए किसी को नाराज नहीं करना चाहती।