समाजवादी पार्टी ने यूपी चुनाव 2027 के लिए पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की है, जिसमें एकमात्र महिला उम्मीदवार ज्योति प्रसाद लोधी को ललितपुर सदर सीट से टिकट दिया गया है। पार्टी ने पहली ही सूची में एक ओबीसी महिला चेहरे को मौका देकर आधी आबादी को साधने का संदेश दिया है। ज्योति प्रसाद लोधी को दस साल बाद सपा ने फिर से इस सीट से मैदान में उतारा है।

ज्योति प्रसाद लोधी बुंदेलखंड की राजनीति में सपा का प्रमुख महिला और ओबीसी चेहरा मानी जाती हैं। वह ललितपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2017 में उन्होंने ललितपुर सदर सीट से चुनाव लड़ा था, जब मोदी लहर के बीच वह भाजपा के रामरतन कुशवाहा से 68000 मतों से हार गई थीं। 2022 में सपा ने इस सीट से रमेश कुशवाहा पर दांव लगाया था, जो तीसरे नंबर पर रहे। अखिलेश यादव ने ज्योति को टिकट देने का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया गया है।

विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अखिलेश यादव ने जातीय समीकरण साधने के लिए कैलाश यादव की जगह ज्योति सिंह लोधी को ललितपुर का जिलाध्यक्ष बनाया था। ललितपुर विधानसभा सीट लोधी बाहुल्य है और लोधी समाज भाजपा का कोर वोट बैंक रहा है। ज्योति सिंह लोधी को आगे करके अखिलेश ने पीडीए फॉर्मूले के तहत भाजपा के इस मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने की रणनीति बनाई है।

ललितपुर जिले में दो विधानसभा सीटें हैं। ललितपुर (सामान्य) और महरौनी, जो अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। दोनों सीटों पर भाजपा का कब्जा है। 2022 के विधानसभा चुनाव में ललितपुर सीट से भाजपा के रामरतन कुशवाहा ने बसपा के चंद्र भूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) को 107215 मतों के अंतर से हराया था, जबकि सपा यहां तीसरे नंबर पर थी। रामरतन कुशवाहा लगातार दो बार से इस सीट पर जीतते आए हैं और सपा अब तक यह सीट नहीं जीत पाई है।