लोकसभा में एनडीए की ताकत बढ़ गई है। मंगलवार को गठबंधन के सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की छह साल बाद वापसी हो गई। भाजपा और शिअद पंजाब विधानसभा चुनाव साथ लड़ेंगे। भाजपा मुख्यालय में शिअद नेता सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और दोनों दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इससे एक दिन पहले अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गठबंधन की जानकारी दी थी, जिस पर मोदी ने सुखबीर सिंह बादल को फोन कर बधाई दी और गठबंधन पर खुशी जताई।
लोकसभा में शिअद के पास एक सांसद हैं — हरसिमरत कौर बादल, जो पंजाब की बठिंडा सीट से सांसद हैं। इसके साथ ही एनडीए को निचले सदन में एक और सदस्य का समर्थन मिल गया है। गठबंधन की ताकत ऐसे समय बढ़ी है, जब अटकलें लगाई जा रही हैं कि सरकार परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन बिल को शीतकालीन सत्र में पेश कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अप्रैल में शिअद ने लोकसभा में परिसीमन बिल का विरोध किया था। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा था कि महिला आरक्षण के नाम पर संसद की सीटों का जनसंख्या के आधार पर परिसीमन करने का प्रस्ताव पंजाब के साथ भेदभाव है। उन्होंने कहा था कि शिरोमणि अकाली दल महिला आरक्षण के समर्थन में है, लेकिन परिसीमन की आड़ में इसके इस्तेमाल के विरोध में है।
संविधान संशोधन बिल को पास कराने के लिए दो तिहाई सांसदों के समर्थन की जरूरत है। एनडीए को 320 सांसदों का समर्थन हासिल है, जबकि आंकड़ा 361 का है। शिअद के समर्थन के बाद संख्या 321 मानी जा रही है। भाजपा ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम जल्द लागू होने वाला है। इन बिलों के जरिए परिसीमन का रास्ता साफ किया जाना है। परिसीमन होने पर लोकसभा में सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है, साथ ही विधानसभाओं और संसद के सदनों में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना है। विपक्ष का कहना है कि महिलाओं को आरक्षण मौजूदा सीटों के आधार पर ही दिया जाना चाहिए। मौजूदा 540 सदस्यीय लोकसभा में इसके लिए 361 मतों की आवश्यकता होगी; तीन सीटें अभी खाली हैं। अटकलें यह भी हैं कि सरकार नवंबर में ही तीन दिनों का विशेष सत्र बुला सकती है, हालांकि इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
बादल ने कहा कि यह राजनीतिक गठबंधन नहीं, भावनात्मक गठबंधन है और पंजाब, देश तथा सिख कौम के वास्ते किया गया है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल देश के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है और 1996 में दोनों दलों के बीच परिवार जैसा रिश्ता बना था। शाह ने कहा कि अकाली दल और भाजपा ने फैसला किया है कि अगला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ेंगे। साल 2020 में अब वापस लिए जा चुके कृषि कानूनों के चलते शिअद ने एनडीए से अलग होने का फैसला किया था। इससे पहले शिअद और भाजपा 2017 तक 10 साल पंजाब सरकार में रहे।
