उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा मजबूत रखने के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से लगभग 10 हजार होमगार्ड बुलाने की तैयारी है। सुरक्षा बलों की आवश्यकता के संबंध में केंद्र को पत्र भेज दिया गया है।

चुनाव प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़े स्तर पर कार्मिकों और सुरक्षा बलों की तैनाती की कार्ययोजना बनाई जा रही है। मतदान से लेकर मतगणना तक विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए करीब 50 हजार कार्मिकों की तैनाती की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केंद्रों की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मी लगाए जाएंगे। प्रदेश पुलिस के इन चुनावों में तकरीबन 15 हजार जवान लगेंगे। दूसरे राज्यों से आने वाले होमगार्ड को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर तैनात किया जाएगा।

भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की उपलब्धता महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चुनाव के दौरान हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी और मतदान केंद्रों से सजीव प्रसारण भी किया जाएगा। आयोग की टीमों के लिए लगाए जाने वाले वाहनों पर जीपीएस लगाया जाएगा ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

आचार संहिता के अनुपालन पर नजर रखने के लिए सी-विजिल एप को भी सक्रिय किया जाएगा, जिसके जरिये कोई भी व्यक्ति आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी जानकारी दे सकेगा। प्रदेश में अगले वर्ष चुनाव होने हैं। चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ ही यह तय होगा कि प्रदेश में चुनाव कब होंगे, लेकिन मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय अभी से तैयारियों में जुट गया है।