चंडीगढ़/नई दिल्ली: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने एक बार फिर गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया है। दोनों पार्टियों ने दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। गौरतलब है कि दोनों दलों का पुराना गठबंधन सितंबर 2020 में टूट गया था, जब केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने एनडीए से नाता तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कानून वापस ले लिए थे।

अमित शाह ने कहा कि अकाली दल लौटकर फिर एनडीए में आ रहा है और उन्होंने सुखबीर बादल का स्वागत किया। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुखबीर बादल को फोन कर बधाई दी। शाह ने कहा कि यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा और जल्द ही घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने नशा और भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा करते हुए कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशे से मुक्त कर दिया जाएगा। किसानों की समस्या के समाधान के लिए रोडमैप तैयार करने की बात भी उन्होंने कही।

सुखबीर बादल ने इसे भावनात्मक गठबंधन बताया और कहा कि अकाली दल 106 साल पुरानी पार्टी है। उन्होंने कहा कि 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने यह रिश्ता जोड़ा था, जो पंजाब को सुरक्षित बनाने का रिश्ता है। उनके अनुसार पंजाब की जवानी, किसानी, व्यापारी और मजदूरी बचाने के लिए डबल इंजन सरकार जरूरी है।

गठबंधन पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने हमला बोला है। उन्होंने इसे दिशाहीन, अवसरवादी और पंजाब के लोगों के साथ द्रोह की राजनीति बताया और कहा कि वे ऐसी राजनीति को खारिज करते हैं। बता दें कि गठबंधन टूटने के बाद 2022 का विधानसभा चुनाव दोनों पार्टियों ने अलग-अलग लड़ा था, जिसमें 117 सीटों में से अकाली दल को तीन और बीजेपी को दो सीटें मिली थीं। सूत्रों के मुताबिक सीएम फेस पर दोनों दलों में अभी सहमति नहीं बन पाई है।