हापुड़ के ब्रजघाट में कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर गंगा तट पर पांच दिवसीय भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। गंगा सभा आरती समिति बृजघाट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन शाम को हर-हर गंगे के जयकारों के बीच मां गंगा की आरती होगी।
समिति के कार्यवाहक संचालक कपिल नागर ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी पांच दिवसीय महाआरती का आयोजन होगा। गंगा तट पर भव्य मंच सजाया जा रहा है, जबकि लाइट, साउंड, बैठने और दीपों की विशेष व्यवस्था की जा रही है। सैकड़ों दीपों से होने वाली इस महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन, दीपदान और गंगा पूजन करेंगे। समिति के कार्यकर्ता दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और आयोजन भव्य एवं दिव्य रूप ले सके।
