मेघालय के जवाई इलाके में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक बीएसएफ जवान कथित तौर पर अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर बांग्लादेश की ओर चला गया। वहां बांग्लादेश के बॉर्डर गार्ड (BGB) ने उसे पकड़ लिया। जवाई इलाका बांग्लादेश के सिलहट जिले के सामने पड़ता है, जहां अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ नहीं लगी है और पर्यटकों की आवाजाही के कारण यह क्षेत्र व्यस्त रहता है। जवान भारतीय सीमा से सटे इसी इलाके में तैनात था।

घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे, जिनमें BGB के दो जवान भारतीय सुरक्षाकर्मी को मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में कुछ स्थानीय लोग भी नजर आए, जो भारतीय जवान के साथ धक्का-मुक्की करते दिखे। बताया गया कि उस समय जवान के पास वॉकी-टॉकी, इंसास राइफल और पंप-एक्शन गन थी। वीडियो में जवान वॉकी-टॉकी पर अपनी टीम को अलर्ट करते सुना जा सकता है। एक अन्य जानकारी के मुताबिक, भारतीय जवान को बांग्लादेशी सीमा क्षेत्र में सबसे पहले स्थानीय लोगों ने पकड़ा था, बाद में उसे BGB जवानों के हवाले कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बीएसएफ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बलों के कमांडरों के बीच संपर्क और बैठक हुई। बातचीत के बाद मंगलवार शाम तक भारतीय जवान की सुरक्षित वापसी हो गई। भारत लौटने के बाद जवान को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।

द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेशी सीमा सुरक्षा बल ने दावा किया था कि भारतीय जवान करीब 200 गज अंदर बांग्लादेशी क्षेत्र में पहुंच गया था। जवान की पहचान और घटनाक्रम से जुड़ी विस्तृत परिस्थितियों को लेकर सार्वजनिक रूप से अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। भारत-बांग्लादेश के बीच की अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी बीएसएफ के पास है, जो इस सीमा के कुल 4,096 किलोमीटर लंबे हिस्से की निगरानी करता है।