जम्मू और कश्मीर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक बड़े अभियान की शुरुआत की है। खबर है कि इस ऑपरेशन में लश्कर ए तैयबा का कमांडर लतीफ भट घिर गया है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
कहा जा रहा है कि भट ने अपने साथियों के साथ मिलकर 11 नवंबर को सीआरपीएफ यानी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कैंप पर हमला किया था।
बता दें कि सोमवार को भी आतंकियों के साथ पुलिस और सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई थी। माना जा रहा है कि उस एनकाउंटर में लतीफ भट भाग निकला था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। लारू में हुई उस मुठभेड़ में उसका एक साथी मारा गया था।
गौरतलब है कि लतीफ भट को भारत में लश्कर ए तैयबा का आखिरी जीवित कमांडर माना जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा बलों के अभियान के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
