बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर की सुबह तक इसके भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। विभाग ने तमिलनाडु से लेकर आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उधर, पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के चलते उत्तराखंड में ठंड बढ़ गई है। कई राज्यों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बद्रीनाथ में बर्फबारी के बाद तापमान -11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे नदी का पानी जमने लगा है।

कश्मीर घाटी में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। गुलमर्ग में तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

ठंड के साथ दिल्ली की हवा भी खराब बनी हुई है। मंगलवार सुबह 8 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 238 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। सिरिफोर्ट में सबसे ज्यादा AQI 333 रहा।